>
Title : Need to approve Arpa-Bhainsajhal irrigation project in Bilaspur, Chhattisgarh.
श्री पुन्नू लाल मोहले (बिलासपुर) : माननीय अध्यक्ष महोदय, छत्तीसगढ़ राज्य के बिलासपुऱ जिले में अरपाभेंसाझाल योजना केन्द्र सरकार के पास विचाराधीन है। मैं उसके सम्बन्ध में कहना चाहूंगा कि बिलासपुर में अरपाभेंसाझाल परियोजना के आफिस भी खुल गये हैं, वहां आफिसर्स और कर्मचारी भी मौजूद हो गये हैं, भवन भी बन गये हैं और वहां इतनी कालोनी भी बन गई हैं, ऐसी परिस्थिति है। इस योजना की लागत लगभग १०० करोड़ रुपये से ज्यादा है। इससे दो लाख किसानों की लगभग एक लाख हैक्टेयर जमीन की आबपाशी होगी। वहां के किसान परेशान हैं, हताश हैं, जबकि पूरी योजना विचाराधीन है।
वहां कम से कम पचासों वर्षों से सिंचाई की सुविधा से लोग वंचित हैं, वहां सिंचाई की कोई सुविधा नहीं है। वहां के गरीब लोग भोपाल, दिल्ली, मुम्बई, लखनऊ कमाने जाते हैं, उनकी स्थिति इतनी दयनीय है। इस परिस्थिति को देखते हुए यह योजना ऐसी है, जिससे बिलासपुर तहसील, बिल्हा तहसील, तख्तपुर क्षेत्र और कोटा के गांवों के दो लाख किसानों को सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
अत: मैं केन्द्र सरकार से मांग करना चाहूंगा कि अरपाभेंसाझाल योजना को स्वीकृति दी जाये, जिससे वहां के किसानों की आर्थिक स्थिति, माली हालत सुधरे, वहां के किसानों की आर्थिक स्थिति में सम्पन्नता आये। वहां के किसान देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अपने बच्चों का पालन-पोषण करें और देश और समाज में गति को सामने लाने में सहयोग दें।