Title: Need to provide special financial package for the farmers whose crops were damaged due to recent rain and hailstorm in Uttar Pradesh.
श्री रामजीलाल सुमन (फ़िरोज़ाबाद): इस माह में बारिश तथा अत्यधिक ओलावृष्टि से उत्तर प्रदेश राज्य में किसानों की फसलों का भारी नुकसान हुआ है। जहां एक ओर किसानों की फसल चौपट हुई है वहीं इस ओलावृष्टि की चपेट में भारी संख्या में पशुओं की भी मृत्यु हुई है जो किसानों की खेतीके बाद सबसे अधिकआय का जरिया था। आगरा जनपद में यूं तो रबी की इस मौसम होने वाली समस्त फसल पर प्रभाव पड़ा है लेकिन जनपद की तहसील खेरागढ़ के जगनेर तथा सैंया ब्लॉक, आगरा सदर तहसील के बरौली अहीर तथा अकोला ब्लॉक एवं वाह में अत्यधिक ओलावृष्टि से किसानों की सरसों, गेहूं, चना और आलू की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गयी है। हजारों हेक्टेयर फसल बर्बादी से किसानों की रीढ़ की हड्डी टूट गई है। अत्यधिक ओले बरसने का आलम यह था मानो फसल पर बर्फ की चादर जम गई हो।
रबी की इस फसल से ही किसान अपने पूरे वर्ष का आर्थिक ताना-बाना बुनता है। इस तबाही के कारण उसके लिए सभी प्रकार के देयों का भुगतान करना एवं अपने परिवार का भरण-पोषण करना अत्यधिक मुश्किल हो गया है। यद्यपि फसलों की क्षति के आकलन की रिपोर्ट राज्य सरकार को भेज दी गयी है लेकिन जो इमदाद मिलेगी वह संभवत: किसान की क्षतिपूर्ति की भरपाई प्रदेश सरकार किसी भी कीमत पर नहीं कर पाएगी। प्राकृतिक आपदा की मार झेल रहे किसानों को अतरिक्त सहायता की आवश्यकता है। वे भारत सरकार से मांग करते हैं कि उत्तर प्रदेश के अति ओलावृष्टि से प्रभावित क्षेत्रों को अतरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करें।