Title: Regarding need to provide funds for modernization of sugar mills in Bihar – Laid.
(बेगुसराय):आजादी के समय उत्तरी बिहार में काफी बड़े क्षेत्र में गन्ने का उत्पादन होता था तथा पूरे देश की करीब २५ प्रतिशत चीनी का उत्पादन इस क्षेत्र में स्थित चीनी मिलों द्वारा किया जाता था। अब इन चीनी मिलों की स्थिति अत्यंत ही जर्जर हो चुकी है। जिससे इस क्षेत्र में न सिर्फ गन्ना किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है बल्कि इस क्षेत्र में औद्योगिक विकास भी मृतप्राय है। बिहार राज्य चीनी निगम से संबंधित सभी चीनी मिलें बंद पड़ी हैं, मजदूर खाली बैठे हैं स्थिति इतनी निराशाजनक हो गई है कि ये मिलें न तो मजदूरों को वेतन दे पा रही है और न ही किसानों की बकाया राशि का भुगतान कर पा रही है। केन्द्र सरकार को इन मिलों के आधुनिकीकरण के लिए एक पैकेज तत्काल अमल में लाना चाहिए। साथ ही, इन मिलों को तमाम ऐसी सुविधायें प्रदान करनी होगी जो नई चीनी मिलों को अनुमान्य होती है।
मैं सदन के माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर दिलाना चाहता हूं और आग्रह करता हूं कि इस समस्या का निदान अविलम्ब कराने की कृपा की जाये।
(इत)