>
Title: Need to provide immediate financial assistance to the State Government of Chhattisgarh to provide relief to ‘Baiga’ community of Rajnandgaon, facing the onslaught of a mysterious disease.
श्री देवव्रत सिंह (राजनन्दगांव) : महोदय, मेरे निर्वाचन क्षेत्र राजनन्दगांव में बैगा जनजाति के करीब 14 (पंद्रह) व्यक्तियों की अज्ञात बीमारी के कारण मौत हो चुकी है। इस पूरी जनजाति के केवल कुछ सौ व्यक्ति ही अब अस्तित्व में हैं, बाकी पूरी जनजाति ही नष्ट हो चुकी है। बैगा समुदाय आज भी शिक्षा तथा मानव विकास की पहुंच से बहुत दूर हैं तथा इसी कारण आज तक इस समुदाय का कोई विकास नहीं हो सका है। मेरे निर्वाचन क्षेत्र में इनके इलाके में पीने के पानी की भारी समस्या है यहां तक की ये पूरी की पूरी जनजाति इनके इलाके से निकलने वाले गंदे नाले का पानी पीने को मजबूर हैं, जिससे इन्हें खासकर बच्चों को तरह तरह की बीमारियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस समुदाय के करीब 70-80 लोग इलाके के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में अपना इलाज करा रहे हैं जिनमें से अधिकतर को उचित इलाज तक राज्य सरकार उपलबध नहीं करा पा रही है। इनका पूरा इलाका बाल्को कंपनी के अधिकतर क्षेत्र में आता है जिसकी वहां कई खदानें हैं किंतु आश्चर्यजनक रूप से कंपनी भी इस क्षेत्र को जोडने वाली एकमात्र सड़क की स्थिति सुधारने के लिए कोई उपाय नहीं कर रही।
राजनन्दगांव के बोडला एवं पंडरिया ब्लॉकों में इस जनजाति के करीब 40-50 गांव हैं जिनमें एक भी सरकारी स्वास्थ्य केन्द्र उपलबध नहीं है, जिस कारण पिछले दिनों जिले के बड़े अस्पताल में मरीजों को ले जाते समय करीब 5 व्यक्तियों की रास्ते में ही मौत हो गयी।
इस पूरे प्रकारण एवं राज्य सरकार के उदासीन रवैये से पूरी बैगा समुदाय को ही खतरा उत्पन्न हो गया है। मेरा केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि इस समुदाय के कल्याण के लिए तुंत कोई विशेष आर्थिक सहायता राज्य सरकार को प्रदान करे ताकि इस मिट रही जनजाति को बचाया जा सके।