Title : Need to set up an Atomic Power Plant in Bihar.
श्री जगदानंद सिंह (बक्सर):सभापति महोदय, मैं आपके माध्यम से एक महत्वपूर्ण विषय की तरफ सदन का ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं। बिहार राज्य एक अत्यन्त पिछड़ा राज्य है, जहां बिजली की खपत इस देश के पैमाने पर औसत से बहुत कम है। वहां के ताप बिजलीघरों के लिए गंगा से पानी लेना बन्द कर दिया गया है, अर्थात् कोई ताप बिजलीघर अब वहां नहीं बनाया जा सकता।
जहां तक इस देश में परमाणु बिजलीघर बनाने की बात है, 6 प्रान्तों में परमाणु बिजलीघर हैं, 4000 मैगावाट के आसपास उनसे बिजली बनती है। जो प्रस्तावित हैं, वे सात और परमाणु बिजलीघर बनेंगे। मैं आपके माध्यम से सरकार से यह कहना चाहता हूं कि जो पहले से तीन राज्य हैं, उनमें फिर से तीन अलग से परमाणु बिजलीघर बनेंगे। चार राज्य नये हैं, जिनमें नये ढंग से परमाणु बिजलीघर बनेंगे। उन नये राज्यों में केवल एक ईस्टर्न रीजन का केवल एक स्टेट पश्चिम बंगाल है। जो सारे परमाणु बिजलीघर हैं, या तो सदर्न रीजन में बन रहे हैं, वैस्टर्न रीजन में बन रहे हैं या उन्हें नोर्दर्न रीजन में बनाने की बात है।
आखिर यह रीजनल इम्बेलैंस कब खत्म होगा, जहां बिजली की कमी है? जब अमेरिका से परमाणु शक्ति पर समझौता हो रहा था तो बहुत जोर-शोर से यह बात आई थी कि इस देश में बड़े पैमाने पर परमाणु बिजलीघर लगेंगे और बिजली का उत्पादन होगा। कृषि में जहां लोगों को बिजली प्राप्त नहीं हो रही है, वहां किसानों को बिजली देने की बात थी। अब जब ये परमाणु बिजलीघर लगाने की बात है, अक्टूबर में शायद निर्णय हुआ है। जो यू.पी.ए.-वन था, उसने बिहार में भी नवादा में एक परमाणु बिजलीघर बनाने की बात की थी। आज मैं देख रहा हूं कि वहां वह बात खत्म हो गई है। अब न बिहार में, न झारखंड में और न उड़ीसा में परमाणु बिजलीघर लगाए जाएंगे है। यूरेनियम का भंडार जो इस देश में मिलता है, उसका अधिकांश भाग झारखंड के अन्दर है, जो बिहार का एक पड़ोसी राज्य है, कभी बिहार का वह हिस्सा था। आखिर इस तरह से देश में रीजनल इम्बेलैंस क्यों पैदा किये जा रहे हैं, बिजली के पैमाने पर जो सबसे पिछले पायदान पर राज्य हैं, वहां परमाणु बिजलीघरों को न लगाकर वहां पर बिजलीघर लग रहे हैं, जहां परमाणु बिजलीघर पहले से पर्याप्त मात्रा में बने हैं। हो सकता है कि कल वहां मांग बढ़े, लेकिन आज वर्तमान में जो सबसे पिछले पायदान पर बिहार खड़ा है, वहां पर भी परमाणु बिजलीघर लगे। नवादा में यह तय था, वहां सरकार ने परमाणु बिजलीघर लगाने की बात कही थी।
यही मैं सदन में आपके माध्यम से सरकार से मांग करता हूं।