Judgements

Need To Give Coal Linkage For The Proposed Power Plants In Bihar. on 27 August, 2010

Lok Sabha Debates
Need To Give Coal Linkage For The Proposed Power Plants In Bihar. on 27 August, 2010


>

Title: Need to give coal linkage for the proposed power plants in Bihar.

श्रीमती मीना सिंह (आरा):मैडम, मैं सबसे पहले आपका आभार प्रकट करना चाहती हूं कि आपने मुझे एक अति लोक महत्व के विषय पर बोलने का अवसर प्रदान किया। मेरे संसदीय क्षेत्र आरा सहित बिहार के बाकी हिस्सों में बिजली मात्र चार से छः घंटे ही रहती है। आपको पता है कि पूरे बिहार में सूखा पड़ा है और प्रदेश सरकार ने सभी 38 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित किया है। बिजली के अभाव में किसान सिंचाई की सुविधा से वंचित हैं, जिसके कारण उनमें हाहाकार मचा हुआ है। पढ़ने वाले बच्चे बिजली के अभाव में दीए की रौशनी में पढ़ने को विवश हैं और बचपन में अपनी आंखों की रौशनी को खोते जा रहे हैं। छोटे-मोटे उद्योग भी बिजली के अभाव में बंद होने की कगार पर हैं। इस तरह से देखा जाए तो बिहार में तमाम जनजीवन अस्तव्यस्त है।

          बिहार में पावर प्लांट्स की जबर्दस्त जरूरत है। सैंकड़ों उद्योगपति वहां पावर प्लांट्स में निवेश करने का प्रस्ताव बिहार सरकार को दे चुके हैं। बिहार सरकार ने पावर प्लांट्स लगाने के लिए कोल लिंकेज की मांग केन्द्र सरकार से की है, परंतु केन्द्र सरकार द्वारा कोल लिंकेज नहीं दिया गया है। अभी पिछले सप्ताह यानि 20 अगस्त को स्वर्गीय प्रधान मंत्री राजीव गांधी जी के जन्म दिवस पर ऊर्जा मंत्रालय द्वारा एक विज्ञापन दिया गया था। उसमें स्वर्गीय प्रधान मंत्री राजीव गांधी जी के वक्तव्य को उद्धृत किया गया था कि ऊर्जा किसी भी देश की समृद्धि एवम् विकास की कुंजी है। मैं समझती हूं जब तक बिहार जैसे पिछड़े राज्य में बिजली की व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक इस प्रकार के विज्ञापन खोखले हैं या फिर रस्म अदायगी के लिए ही दिए जाते हैं। मेरी आपके माध्यम से केन्द्र सरकार से मांग है कि यथाशीघ्र बिहार के प्रस्तावित पावर प्लांट्स के लिए कोल लिंकेज की अनुमति दी जाए और वहां बिजली के संकट को दूर किया जाए। मेरी समझ से यह यूपीए सरकार द्वारा राजीव गांधी जी के प्रति यह सच्ची श्रद्धांजलि होगी।