>
Title : Need to start work on gauge conversion on Rewari-Sadulpur and Sadulpur-Hissar routes.
श्री राम सिंह कस्वां (चुरू) : सभापति महोदय, उत्तर पश्चिम रेलवे का बीकानेर-दिल्ली एक महत्वपूर्ण रेल मार्ग है। इस रेल मार्ग पर काफी गाड़ियां चल रही हैं। १ दिसम्बर, २००५ से दिल्ली-रेवाड़ी मार्ग का दोहरीकरण होने के कारण उपरोक्त सभी गाड़ियों को रेवाड़ी तक ही चलाया जा रहा है। इससे बीकानेर, चुरू, भिवानी, महेन्द्रगढ़, झुन्झुनू, सीकर संसदीय क्षेत्रों का दिल्ली से रेल का दिल्ली से रेल का सम्पर्क ही टूट जाएगा। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। इस क्षेत्र की जनता द्वारा दिल्ली-बीकानेर मीटर गेज लाईन को ब्रोडगेज में परिवर्तन की वर्षों से मांग की जा रही है। लेकिन उक्त लाईन का एक भाग सादुलपुर-रेवाड़ी व सादुलपुर-हिसार स्वीकृति के पश्चात भी आज तक गेज परिवर्तन का कार्य शुरू नहीं किया जा सका। इससे इस क्षेत्र की जनता में काफी रोष है। गाड़ी बन्द होने के कारण इस क्षेत्र की जनता को विकट समस्या का सामना करना पड़ेगा। इस संबंध में माननीय उच्च न्यायालय जोधपुर द्वारा भी उक्त रेल लाईन का गेज परिवर्तन के निर्देश जारी किये हैं।
अत: मैं आपके माध्यम से रेल मंत्री महोदय से आग्रह करना चाहता हूं कि उक्त मार्ग की गाड़ियों को बन्द किया जाना आवश्यक हो तो दिल्ली-बीकानेर मेल (४७९१-४७९२) व दिल्ली-बीकानेर एक्सप्रैस (४७८९-४७९०) व दिल्ली-बीकानेरलिंक एक्सप्रैस, दिल्ली-जयपुर शेखावाटी एक्सप्रैस (९७३३-९७३४) को यथावत चालू रखते हुए दिल्ली-रेवाड़ी व रेवाड़ी दिल्ली के लिए कनैक्िंटग गाड़ी उपलब्ध कराने का आदेश जारी कर रेवाड़ी-सादुलपुर व सादुलपुर हिसार मार्ग का गेज परिवर्तन का कार्य अविलम्ब चालू किया जाए व शेष भाग सादुलपुर-बीकानेर व रतनगढ़-डेगाना रेल मार्ग के गेज परिवर्तन की स्वीकृति शीघ्र प्रदान कर कार्य चालू किये जाने हेतु आवश्यक निर्देश जारी करने का कष्ट करें।