>
Title: Need to develop Markhanda Devasthan, a religious place in Gadchiroli-Chimur Parliamentary Constituency, Maharashtra as a tourist site of national importance.
श्री मारोतराव सैनुजी कोवासे (गडचिरोली-चिमूर):महाराष्ट्र राज्य के गड़चिरोली-चिमूर संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत तालुका चामोर्शी में मारखण्डा देवस्थान एक बहुत बड़ा धार्मिक स्थल है तथा यह काशी देवस्थान के नाम से भी प्रसिद्ध है। इस धार्मिक स्थल का बड़ा महत्व है तथा इस मंदिर के निकट से पवित्र वेणगंगा गुजरती है। यहां पर महाराट्र राज्य के ही नहीं बल्कि देश के अन्य क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आना होता है तथा महाशिवरात्रि पर्व पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या लगभग 15-20 लाख के आसपास होती है। इस धार्मिक स्थल का महत्व पुराणों में भी वर्णित है। लेकिन श्रद्धालुओं के लिए यहां पर जरूरी मूलभूत सुविधाओं का भारी अभाव है।
मेरा केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि मारखण्डा धार्मिक स्थल, जो जनजातीय बाहुल्य क्षेत्र में स्थित है, के महत्व को देखते हुए केन्द्रीय पर्यटन की सूची में शामिल करते हुए इसे पर्यटन के रूप में विकसित करने और इसका सौन्दर्यीकरण करने के साथ साथ वहां पर जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने हेतु आवश्यक कार्यवाही करें।