>
Title: Need to convert the Bharuch-Jambusar railway line into broad-guage and restart the railway line between Netra and Ankleshwar extending it upto Nandurbar.
श्री मनसुखभाई डी. वसावा (भरूच) : महोदय, मेरे संसदीय क्षेत्र भरूच के कई भागों में लोगों की रेलवे मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है, जिसके कारण लोगों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भरूच से जबोसर नैरोगेज को ब्रॉडगेज लाइन में परिवर्तन करना अति आवश्यक है। यह अत्यंत पिछड़ा हुआ क्षेत्र है। अंकलेश्वर से नेत्रा नैरोगेज रेलवे लाइन कई वााॉ से बंद पड़ी है। इसे ब्रॉडगेज लाइन में परिवर्तन करके नेत्रा से डेडिया पारा, सागबारा, सेलम्बा होते हुए महाराष्ट्र के नेदूरबार तक इस ब्रॉडगेज लाइन को ले जाया जाये। यह क्षेत्र आदिवासी क्षेत्र है एवं रेलवे सेवा के अभाव में लोगों को बहुत दिक्कत हो रही है। अगर नेत्रा से नेदूरबार तक ब्रॉडगेज रेलवे लाइन बनाया जाये तो इस कार्य से गुजरात एवं महाराष्ट्र के इन क्षेत्रों में रहने वाले आदिवासी लोगों को यातायात में काफी सुविधा होगी और इन आदिवासी लोगों का आर्थिक विकास करने में मदद मिलेगी।
सदन के माध्यम से सरकार से अनुरोध है कि भरूच से जबोसर नैरोगेज लाइन को ब्रॉडगेज लाइन में बदला जाये। नेत्रा से अंकलेश्वर तक बंद पड़ी नैरोगेज लाइन को ब्रॉडगेज लाइन में बदलकर इसे नेदूरबार तक किया जाये।