Judgements

Need To Conduct An Inquiry Into The Recruitment In Ordinance Factory … on 5 March, 2010

Lok Sabha Debates
Need To Conduct An Inquiry Into The Recruitment In Ordinance Factory … on 5 March, 2010


>

Title: Need to conduct an inquiry into the recruitment in Ordinance Factory in Chanda in Maharashtra for non-recruitment of local persons.

श्री हंसराज गं. अहीर (चन्द्रपुर):    माननीय सभापति जी, मैं आपके माध्यम से सरकार का ध्यान इस ओर आकर्षित करना चाहूंगा कि मेरे संसदीय क्षेत्र चन्द्रपुर में एक आर्डिनैंस फैक्टरी है, जो रक्षा मंत्रालय की है। वहां पर हाल ही में 500 से अधिक पदों को भरने के लिए चयन प्रक्रिया चल रही है। महाराष्ट्र में देश की सबसे बड़ी आर्डिनैंस फैक्टरी होते हुए भी अभी जो चयन प्रक्रिया हो रही थी, उसमें जो विज्ञापन दिये गये थे, उन विज्ञापनों के आधार पर हमारे स्थानीय चन्द्रपुर जिले और महाराष्ट्र के बेरोजगार युवकों ने वहां कुछ आवेदन किये थे। मैं यह देख रहा हूं कि वहां जो चयन प्रक्रिया हुई है, उसमें करीब-करीब 249 पदों के लिए चयन हुआ है। उसमें महाराष्ट्र या मेरे संसदीय क्षेत्र चन्द्रपुर के एक भी बेरोजगार युवक का चयन नहीं हुआ है। मैं आपके माध्यम से सरकार का ध्यान इस गंभीर मामले की ओर इसलिए आकर्षित करना चाहूंगा, क्योंकि हमारे देश के संविधान की धारा 16 (ए) के आधार पर सभी के लिए चयन प्रक्रिया में समान अधिकार है और  सभी को समानता की दृष्टिकोण से देखना चाहिए। लेकिन 249 युवकों में से एक भी लोकल बेरोजगार युवक का चयन नहीं हो रहा है, तो वहां के अधिकारीगण महाराष्ट्र और विशेषकर स्थानीय युवकों पर अन्याय कर रहे हैं। अभी कुछ और भी चयन प्रक्रिया बाकी है।

           मैं चाहता हूं कि मंत्री जी इस चयन प्रक्रिया पर रोक लगायें, क्योंकि महाराष्ट्र मे चन्द्रपुर जिला ऐसा है, जो नक्सल से प्रभावित है और आदिवाली बाहुल्य है। अगर यहां के युवकों पर इतना अन्याय होगा, तो वह सहनशीलता के बाहर जायेगा। वहां पर युवकों में भारी रोष है, इस कारण वहां आंदोलन हो सकता है। इस आंदोलन में यदि आतंकवादी संगठन हस्तक्षेप करते हैं, तो शायद हमें इससे भारी नुकसान भी पहुंच सकता है। मैं सदन में इस विषय को बहुत गंभीरता से लेने के लिए सरकार से विनती करता हूं और कहना चाहता हूं कि स्थानीय युवकों पर जो अन्याय हो रहा है, विशेषकर महाराष्ट्र मे जो आर्डिनैंस फैक्टरी है, उसमें अगर महाराष्ट्र के युवक का चयन नहीं होगा, तो यह सही नहीं होगा। मैं सरकार से विनती करता हूं कि वह  चयन प्रक्रिया पर रोक लगाये और जो चयन हो चुका है, उसे भी खारिज किया जाये। धन्यवाद।