Title: Need to boost export of potatoes by purchasing the same from farmers, particularly in Agra region, Uttar Pradesh.
प्रो. एस.पी.सिंह बघेल (जलेसर) : सभापति महोदय, माननीय कृषि मंत्री के सार्वजनिक वक्तव्य कि इस बार केन्द्रीय सरकार द्वारा आलू को खरीद कर निर्यात किया जायेगा, पर विश्वास करके सम्पूर्ण भारत में आलू उत्पादक किसानों ने आलू बोने की मात्रा बढ़ा दी। फलस्वरूप अधिक आलू के उत्पादन, शीतगृहों की क्षमता कम होने के कारण उसमें न रख पाने के कारण तथा मंदी होने के कारण आलू सड़ रहा है। गांवों में भयानक बीमारियां उत्पन्न हो रही हैं। पशुं द्वारा सड़े आलू काने के कारण पशु मर रहे हैं। आलू किसान आत्महत्या कर रहे हैं। माननीय कृषि मंत्री द्वारा स्वयं स्वीकार किया गया है कि एक कुंटल आलू पर किसान की लागत २१२ रुपये आती है जबकि आलू १०० रुपये प्रति कुंटल बिक रहा है। आलू किसान घाटे की खेती कर रहा है। माननीय कृषि मंत्री द्वारा बयान दिया गया कि आलू निर्यात हेतु आगरा मण्डल में खरीदा जायेगा परन्तु मेरे लोक सभा क्षेत्र में खन्दौली, सादाबाद, एतमादपुर, टूंडला में आलू न के बराबर खरीदा गया जिससे स्थिति में कोई सुधार नहीं आया।
अत: केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि आलू की खरीद अविलम्ब कर निर्यात हेतु भेजा जाए।