>
Title: Need to give clearance for setting up cement plants in Chamba district of Himachal Pradesh-Laid.
डॉ0 राजन सुशान्त (कांगड़ा) : हिमाचल प्रदेश का चम्बा जिला विषम भौगौलिक परिस्थितियों के कारण तो विकास में पिछड़ा है ही, परन्तु इस जिले में बहुत से क्षेत्र ऐसे भी है जहां अधिकांश समय अत्यधिक बर्फ व ठंड रहती है , परिणामस्वरूप कार्य दिवस अपेक्षाकृत बहुत कम प्राप्त होते हैं । इस जिले में कृषि योग्य भूमि भी अपेक्षाकृत कम है तथा भेड़ बकरी पालन में कार्यरत गद्दी समुदाय के हजारों लोगों को भी जंगलों में निरन्तर बढ़ रही कठिनाईयों के कारण रोटी रोजी का यह साधन भी कम होता जा रहा हे । इसके अतिरिक्त, इस पिछड़े जिले में गरीब लोगों को जीवनयापन करने हेतु रोटी रोजी के और भी विकल्प भी बहुत सीमित हैं तथा आशा की किरण वर्षों से चर्चित सीमेंट कारखाना मुख्यतया है । अतः भारत सरकार अतिशीघ्र जिला चम्बा में सीमेंट कारखाने को प्रारम्भ करने में आ रही सभी बाधाओं को दूर कर इस हेतु आवश्यक कार्यवाही पूर्ण कर इसे तुरन्त शुरू करवाएं ।