Title: Need to check pollution caused by distillery factory at Naugaon Chhatarpur, Madhya Pradesh.
श्री अशोक कुमार सिंह चन्देल (हमीरपुर, उ.प्र.) : महोदय, मैसर्स काक्स डिसटलरी फैक्ट्री नौगांव छत्तरपुर, मध्य प्रदेश में स्थापित है। इस पैक्ट्री द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण की ओर मैं आपके माध्यम से वन एवं पर्यावरण मंत्री व भारत सरकार का ध्यान दिलाना चाहता हूँ।
मैसर्स काक्स डिसटलरी फैक्ट्री उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थिति है। इस फैक्ट्री में आये दिन मोटर टायर्स जलाए जाते हैं जिसके कारण फैक्र्टी के आस-पास के गांव धर्वरा, गढि़या, घिसल्ली, रावतपुरा, गंज, शिकारपुरा, चंद्रपुरा आदि जो सीलम नदी के किनारे हैं, वहां जलाए गए टायरों से जो प्रदूषण उत्पन्न होता है, उस प्रदूषित वातावरण से ग्रामवासी काफी परेशान हैं और न जाने कितने प्रकार की बीमारियों से ग्रामवासी पीड़ित हैं। फैक्ट्री का गंदा पानी भी सीलम नदी में गिराया जाता है। यह नदी उत्तर प्रदेश के लंबे भू-भाग में बहती है। सीलम नदी का पानी इतना विषैला हो गया है कि ग्रामवासी न तो स्नान कर सकते हैं और न ही पशुओं को पानी पिला सकते हैं। पशु अगर इस नदी का पानी पी ले तो वे अकारण मौत के शिकार हो जाते हैं। इस प्रदूषित पानी से खेतों में लगी फसलों की सिंचाई की जाती है तो फसल नष्ट हो जाती है। ग्रामवासियों द्वारा लगातार प्रशासन का ध्यान इस संबंध में दिलाया गया। प्रदूषण से फैक्ट्री के आस-पास की हवा-पानी व अन्य तत्व पूर्णतया प्रदूषित हैं। पूरे मानव समाज को प्रदूषित कर कोई भी फैक्ट्री चलाना कहां तक तर्कसंगत है।
अत: मैसर्स काक्स डिस्टलरी फैक्ट्री द्वारा फैलाये जा रहे प्रदूषण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए ताकि स्थानीय जनता व प्राणी प्रदूषण मुक्त वातावरण में जीवनयापन कर सकें।