Judgements

Need To Increase The Funds Earmarked For The State Government Of … on 7 December, 2009

Lok Sabha Debates
Need To Increase The Funds Earmarked For The State Government Of … on 7 December, 2009


>

Title : Need to increase the funds earmarked for the state government of Maharashtra under Jawaharlal Nehru National Urban Renewal Mission (JNNURM).

श्री संजय निरुपम (मुम्बई उत्तर):  सभापति जी, हमारे देश में शहरीकरण बहुत तेजी से हो रहा है। मैं आपका ध्यान विशेष रूप से महाराष्ट्र की ओर आकृष्ट करना चाहूंगा। महाराष्ट्र इस समय पूरे हिंदुस्तान में दूसरा बड़ा शहरी प्रदेश माना जाता है। मैं केन्द्र सरकार का आभारी हूं कि उन्होंने शहरों के विकास के लिए बहुत अच्छे कार्यक्रम बना रखे हैं। केन्द्र द्वारा बहुत बड़े पैमाने पर इंफ्रास्ट्रक्चर डिवेलप करने के लिए फंड्स दिये जा रहे हैं। महाराष्ट्र सरकार ने केन्द्र सरकार के पास लगभग 121 ऐसी परियोजनाएं भेजी हैं जो हमारे शहरों के विकास से जुड़ी हुई हैं, जिसमें मुम्बई की लगभग 12 परियोजनाएं हैं, पूणे की लगभग 19 परियोजनाएं हैं, नागपुर की 27 परियोजनाएं हैं। इसी तरह से थाणे और महत्वपूर्ण शहरों के इंफ्रास्ट्रक्चर डिवलेपमेंट की सारी परियोजनाएं हैं। उन परियोजनाओं के लिए, सेंट्रल गवर्नमेंट की सहायता के तौर पर, लगभग 9 हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता है। उसमें से अभी तक हमें दो हजार करोड़ रुपया ही मिला है। मैं आपके माध्यम से सरकार से निवेदन करना चाहता हूं कि जितना जल्दी हो केन्द्र सरकार महाराष्ट्र के शहरों के विकास के लिए जो योजनाएं हमने बनाई हैं और जिन्हें अप्रूव्ड कर दिया गया है, उनके लिए जो वांछित फंड है, उसका एलोकेशन करे। दूसरा, मुम्बई की तरफ ध्यान आकृष्ट करते हुए मैं कहना चाहता हूं कि 25 जुलाई 2005 को भीषण बाढ़ में मुम्बई डूब गयी थी और जिसकी वजह मीठी-नदी, जो 17 किलोमीटरलम्बी है, उसे बताया गया है। मीठी नदी के बारे में 702 करोड़ रुपये की एक योजना बनाई गयी। केन्द्र सरकार को 200 करोड़ रुपये देने थे, जो उसने अभी तक नहीं दिये हैं। माननीय वाटर-रिसोर्स मिनिस्टर यहां पर बैठे हुए हैं और मेरा कहना है कि मीठी नदी के बारे में फाइनेंस मिनिस्ट्री यह कहती है कि यह मुम्बई शहर की एक नदी है, जबकि अर्बन डिवेलप मिनिस्ट्री कहती है कि यह मुम्बई शहर का एक नाला है। अब उसके लिए जो 200 करोड़ रुपये हमें चाहिए, वह फाइनेंस मिनिस्ट्री एप्रूव नहीं कर रही है। मैं चाहूंगा कि केन्द्र सरकार के दोनों मंत्रालय आपस में बैठकर जितना जल्दी हो, समाधान ढूंढें और मीठी नदी के विकास की जो योजना बनी है, उस योजना को लागू करने के लिए जो वांछित फंड है, उसका तत्काल एलोकेशन करें ताकि मुम्बई के शहरों के विकास का कार्यक्रम जो महाराष्ट्र सरकार चला रही है उन्हें पूरा किया जा सके और मुम्बई के शहरों का विकास हो। धन्यवाद।