Title: Need to implement Food for Work Scheme in Jharkhand and other parts of the country.
श्री हेमलाल मुर्मू (राजमहल) : अध्यक्ष महोदय, मैं आपके माध्यम से सरकार का ध्यान झारखंड राज्य के साहिबगंज, पाकुड़ और गोड्डा आदि जिलों में “काम के बदले अनाज”योजना के अंतर्गत अनाजों की अनुपलब्धता और उठान के संबंध में आकृष्ट कराना चाहता हूं ।
महोदय, यह कार्यक्रम गरीबी उन्मूलन एवं बेरोजगारी उन्मूलन की दिशा में एक प्रभावी एवं उत्तरदायी योजना है, परन्तु अनाज उपलब्ध नहीं होने या अनाज उपलब्ध होने पर अनाज का उठान नहीं होने के कारण यह कार्यक्रम अपने लक्ष्य एवं उद्देश्य से दूर हटता जा रहा है, जिसके कारण सरकार का कार्य निष्पादन और योजनाओं को सरजमी पर लागू करने की बात को गलत नजरिए से देखा जा रहा है । देश की आवाम को वर्तमान लोकप्रिय सरकार खासकर लोकप्रिय गठबंधन से काफी आशा है ।
इस कार्यक्रम की जमीनी हकीकत यह है कि जब हम ५० करोड़ रुपये योजना की अनुशंसा करते हैं तो २५ करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान होती है ।
अत: सरकार से आग्रह है कि “काम के बदले अनाज” योजना के अंतर्गत बजट प्रावधानों के अनुसार आवंटित राशि का अनाज देश के प्रत्येक जिले खास कर साहिबगंज, पाकुड़ एवं गोड्डा जिलों में उपलब्ध कराने और अनाजों का शत-प्रतिशत उठान सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश संबंधित अधिकारियों को जारी करने की व्यवस्था की जाए ताकि इस कार्यक्रम से देश के गरीबों एवं बेरोजगारों के दर्द को कम करने एवं उनकी भूख मिटाने में हम सफल साबित हो सकें ।