Judgements

Alleged Threats By Indian Mujahidins To Extort Money From Some … on 3 March, 2010

Lok Sabha Debates
Alleged Threats By Indian Mujahidins To Extort Money From Some … on 3 March, 2010


>

Title: Alleged threats by Indian Mujahidins to extort money from some industrialists of West Bengal.

श्री जगदम्बिका पाल (डुमरियागंज): अधिष्ठाता महोदया। मैं एक अत्यन्त महत्वपूर्ण बंगाल के मामले पर आपका ध्यान आकर्षित करना चाहता हूं। कराची के एक फोन कॉल से कोलकाता के तीन उद्योगपतियों से 100 करोड़ रुपये की मांग इडियन मुजाहिद्दीन के प्रमुख अमीर रज़ा खान ने की है।  वे अमरीकन विस्फोट कांड के आरोपी थे, जिन्हें मृत्यु दंड की सजा हो चुकी है।  इस बात की जानकारी वैस्ट-बंगाल सरकार को भी है। जिनसे पैसा मांगा गया उन्होंने वहां के मुख्य सचिव से भेंट की। मुख्य सचिव सुरक्षा देने के बजाए इस बात को कह रहे हैं कि आप अपने घरों से निकले नहीं, बेसमय आवाजाही न करें। इससे वहां असुरक्षा की भावना पैदा हो गयी है। कॉल की जानकारी वहां के गृह-सचिव को भी है जिसकी जांच एसटीएफ कर रही है। एक होटल हिंदुस्तान है जो कोलकाता का प्रतिष्ठित होटल है, एक एलिड जूता कंपनी है और तीसरी खादिम जूता कंपनी है जिसके मालिक पार्थराव बर्मन हैं। इनसे कहा गया कि अगर आपने रुपया नहीं दिया तो आपके होटल को उड़ा दिया जाएगा या आपका अपहरण कर लिया जाएगा। इस तरह की घटना से पूरे वैस्ट-बंगाल में असुरक्षा की भावना पैदा हो गयी है। जिस तरह से कराची में बैठकर फोन दुबई से किया गया है, ये अपने-आप में एक गंभीर घटना है। इस मामले को पश्चिमी बंगाल की सरकार गंभीरता से ले रही है या नहीं ले रही है लेकिन केन्द्र सरकार से मैं अपेक्षा करुंगा कि वह इस मामले को गंभीरता से ले, सीबीआई भी गंभीरता से ले। नागरिकों को सुरक्षा देने का काम राज्य सरकार का है लेकिन अगर राज्य सरकार अपने काम में असफल हो रही है या उनके सामने इस तरह की चुनौतियां उत्पन्न हो रही हैं तो इसमें कौनसी प्रभावी कार्रवाई की जा सकती है, उसे किया जाए। इस संबंध में मुख्य सचिव अशोक मोहन चक्रवर्ती जी का वक्तव्य पूरे प्रदेश के समाचार पत्रों में है और उन्होंने कहा भी है कि जिन्हें भी इस तरह से रैनसम की मांग की गयी है वे मुझसे मिलें। उन लोगों ने मुझसे सुरक्षा की मांग की है और खुद गृह सचिव अरणेन सेन हैं उन्होंने भी कहा कि ये कॉल कराची से आई थी। अगर सीमा पार से हमारे देश के अंदर किसी नागरिक को या उद्योगपति को इस तरह से फोन-कॉल की जाती है तो यह मामला केवल राष्ट्रीय नहीं रह जाएगा बल्कि यह अंतर्राष्ट्रीय मामला है। इसलिए मैं आपके माध्यम से सरकार का ध्यान आकृष्ट करते हुए, इस मामले को उच्च-स्तर पर निपटाने का अनुरोध करता हूं। इसमें पाकिस्तान सरकार को भी उन लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा जाए। इतना ही मैं कहना चाहता हूं।