NT>
Title: Demand to transfer the court cases back to Kanpur.
(बिल्हौर) :अध्यक्ष महोदय, मैं आपके माध्यम से सदन का ध्यान एक अत्यन्त महत्वपूर्ण जनहित के मामले की ओर आकर्षित करना चाहता हूं कि कानपुर उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ी आबादी वाला औद्योगिक, व्यापारिक और मजदूरों का नगर है। वहां १८ सितम्बर से न्यायपालिका का काम पूर्णत: बन्द है। वहां न्यायपालिका के जो न्यायाधीश हैं, उनमें और वकीलों में विवाद के कारण कानपुर के सारे मुकदमे वहां से ८० किलोमीटर दूर फतेहपुर को प्रेषित कर दिए गए हैं। फतेहपुर में केवल १३ अदालतें हैं जबकि कानपुर में ५६ अदालतें थीं। दो महीने से कानपुर के ५० हजार से ज्यादा नागरिक दौड़कर फतेहपुर जाते हैं और वहां केवल तारीखें दी जा रही हैं। १८ सितम्बर, २००२ से यह काम चल रहा है और दोनों अपनी-अपनी जिद पर अड़े हुए हैं। मेरा आपके माध्यम से केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि सरकार हस्तक्षेप करे और सारे मुकदमे कानपुर में स्थानांतरित करने हेतु अपनी ओर से आदेश दे।