Title: Missing of unemployed 55 sikh youth in Greece.
श्री जे.एस.बराड़ : सभापति महोदय, मैं एक बहुत ही दुखदायी मामला हुकुमत के नोटिस में लाना चाहता हूं। वैसे तो देश के कोने-कोने से रोज़ी-रोटी के लिए लोग विदेशों में जाते हैं लेकिन पंजाब से लगभग हर वर्ष अपनी जमीनें बेच कर और सब कुछ छोड़ कर वहां के नौजवान विदेश जाते हैं। पहले उनको ट्रैवल एजैंट लूट लेते हैं, मैं उस डिटेल में नहीं जाना चाहता। आज से दो रोज पहले एक बहुत बड़ी घटना हुई। पहले एक बोट ट्रैजडी माल्टा में हुई थी जिसमें साढ़े तीन सौ के करीब नौजवान डूब कर मर गए थे। दो रोज पहले यह खबर छपी है कि ५५ के करीब पंजाब के बेरोजगार नौजवान लेबनान से ग्रीस जाते हुए उनके पासपोर्ट ले लिए गए। उनसे १ लाख २५ हजार रुपया लिया गया। यहां पर वित्त मंत्री जी संसदीय कार्य मंत्री जी बैठे हैं, मैं आपके ध्यान में यह दुखदाई बात पार्टी लाइन से ऊपर उठकर लाना चाहता हूं। उन ५५ नौजवानों से दो-दो लाख रुपए फीस के रूप में लेकर उनको बोट में बिठा दिया गया और वे डूबकर मर गए। पंजाब में एक जिला नवांशहर है। वहां के डिप्टी कमिश्नर के साथ राफ्ता कायम करके, उनके परिवार वालों को मुआवजा दिलाया जाए। उन नौजवानों की लाशें अभी तक बरामद नहीं हुई हैं। उनको ढूंढ़कर यहां लाने के लिए मैं सरकार से विनती करूंगा कि वह तुरंत ग्रीस की हुकूमत के साथ, यहां की एम्बैसी के साथ, पंजाब की हुकूमत के साथ और डिप्टी कमिश्नर के साथ सम्पर्क करे। उनके परिवार वाले चिंतित हैं कि क्या वाकई उनके बच्चे डूब गए हैं या बचे हैं। इसलिए इस मामले को तुरंत टेकअप किया जाए।