>
Title : Need for construction of cemented roads in the hilly areas of the country.
श्री वीरेन्द्र कश्यप (शिमला): मैं आपके माध्यम से सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री महोदय के ध्यान में लाना चाहता हूं कि देश में कोलतार की सड़कें वर्षा के कारण प्रायः टूट जाती हैं और उनकी मरम्मत एवं पुनर्निर्माण पर अरबों रूपए व्यय हो जाते हैं। मैं विशेष रूप से देश के पहाड़ी क्षेत्रों की तरफ उनका ध्यान आकर्षित करते हुए निवेदन करना चाहता हूं कि वहां अत्यधिक वर्षा एवं भारी बर्फबारी के कारण प्रतिवर्ष सड़कें बहुत खराब होती हैं। सड़कें खराब होने से जहां एक ओर वाहनों की गति कम हो जाती है, वहीं दूसरी ओर उनमें टूट-फूट भी बहुत ज्यादा होती है, जिसके कारण वाहनों के रख-रखाव पर बहुत व्यय करना पड़ता है। अधिक डीजल-पैट्रोल खर्च होने के कारण प्रदूषण भी फैलता है। बार-बार सड़क बनाने पर व्यय होने से राजकोष पर भी दबाव बढ़ता है। इसलिए मेरा आग्रह है कि देशभर में विशेष रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में सीमेंट की सड़कें बनाई जायें। यद्यपि सीमेंट की सड़कें बनाने में प्रारंभ में ज्यादा व्यय होता है तथापि उनकी मजबूती और दीर्घकाल तक चलने की अवधि को देखा जाये तो वे वास्तव में किफायती साबित होती हैं। अतः मेरा आग्रह है कि वे इस संबंध में शीघ्र निर्णय लें और पहाड़ी प्रदेशों के लिए सीमेंट की सड़कें बनाने हेतु अधिक धन उपलब्ध करायें।