(iii) Need to ban lottery in the country :
श्री विजय गोयल (चांदनी चौक ) : महोदय, लाटरी के कारण आज लाखों लोग बर्बाद हो रहे हैं। अपनी मेहनत की कमाई लाटरी में गवां रहे हैं।
केन्द्र सरकार ने पहले ही एक अंक की लाटरी पर प्रतिबंध लगा दिया है किन्तु अभी भी बहुअंकीय लाटरी (मल्टी डजिट लाटरी) इस देश में चल रही है।
इसी सदन ने सर्वसम्मति से यह आवाज उठायी थी कि सभी प्रकार की लाटरियों पर प्रतिबंध लगना चाहिए। जिसके फलस्वरूप केन्द्र सरकार ने सभी प्रकार की लाटरियों पर प्रतिबंध लगाने के लिए एक बिल राज्य सभा में प्रस्तावित किया है।
लाटरी माफिया यह तर्क दे रहे हैं कि इससे हजारों लोग बेरोजगार हो जाएंगे। आप हजारों लोगों की बेरोजगारी को देखेंगे कि लाखों लोगों की बर्बादी को देखेंगे।
लाटरी के व्यापार में बर्बादी किसी से छिपी नहीं है।
इसलिए मेरा सरकार से अनुरोध है कि इस सत्र में जल्द से जल्द इस बिल को पारित किया जाए व बिल पास होने तक ऐसे कठोर कदम उठाए जाएं ताकि लाटरी से होने वाली बर्बादी से बचा जा सके।