Judgements

Need To Construct A House For Haj Pilgrims And Introduce A Flight From … on 30 August, 2001

Lok Sabha Debates
Need To Construct A House For Haj Pilgrims And Introduce A Flight From … on 30 August, 2001

Title: Need to construct a house for Haj Pilgrims and introduce a flight from Patna. Aslo raised the issue of transport operators strike against increase of transport tax by the State Government of Bihar.

श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव

(पूर्णिया): उपाध्यक्ष महदोय, दुर्भाग्य से या सौभाग्य से हम लोग बिहार से आते हैं। देश में बिहार भी है, मुझे ऐसा नहीं लगता कि केन्द्र सरकार को इसकी जानकारी है या नहीं। बिहार में देश में सबसे ज्यादा मुस्लिम आबादी है। देश के वभिन्न प्रांतों में मुसलमानों के लिए वहां की राजधानियों से हज यात्रा के लिए प्लेन की सुविधा और व्यवस्था केन्द्र सरकार द्वारा यानि हज भवन द्वारा की गई है। लेकिन जिस प्रदेश में सबसे ज्यादा मुसलमान हैं, उन लोगों के लिए आजादी के बाद से आज तक वहां की राजधानी पटना से प्लेन की सीधे उड़ान नहीं है। इसके अलावा न ही पटना में कोई हज भवन की व्यवस्था है। दुर्भाग्य है कि इस देश में केन्द्र सरकार के मंत्री शरद यादव जी, खुद बिहार से आते हैं। वे ऐसे क्षेत्र से आते हैं जो बंगलादेश का बोर्डर है और जहां सबसे ज्यादा आबादी मुसलमान भाइयों की है। मैं केन्द्र सरकार से मांग करता हूं कि अविलम्ब हज यात्रा की व्यवस्था के पटना से सीधे हवाई सेवा की सुविधा प्रदान की जाए।

मेरा दूसरा आग्रह है कि एक तरफ केन्द्र सरकार का सौतेलेपन का व्यवहार वहां के अल्पसंख्यकों के साथ, वहीं दूसरी तरफ बिहार सरकार का सौतेलेपन का व्यवहार बिहार के लोगों के साथ हो रहा है। आज पूरा बिहार हड़ताल पर है। वहां की सब ट्रक यूनियन और बस यूनियन आज हड़ताल पर हैं। वहां की सरकार ने ट्रांसपोर्ट पर तीन गुना टैक्स बढ़ा दिया है। वह बिल राष्ट्रपति महोदय के पास स्वीकृति के लिए भेजा गया है। बिहार से अलग होकर झारखंड राज्य बन गया। इस कारण हमारे ट्रक मालिक वहां जाकर माल ढुलाई नहीं कर सकते। बिहार में पहले से ही गाड़ियों के पंजीकरण की दर काफी है और अब और शुल्क बढ़ाकर, १४ प्रतिशत तक बढ़ाकर लोगों के साथ भारी अन्याय किया है। बिहार सरकार द्वारा यह कहा जा रहा है कि झारखंड बन गया इसलिए हमारे राज्य की आमदनी का रुाोत नहीं रहा। यह बिहार के आठ करोड़ लोगों के साथ अन्याय है। इससे वहां ट्रक और बस का भाड़ा बढ़ेगा, जिससे गरीब लोग बसों में सफर नहीं कर पाएंगे। बिहार सरकार गरीब विरोधी रूप अपना रही है। मैं केन्द्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि वह राष्ट्रपति महोदय से हस्तक्षेप करके जो १४ प्रतिशत टैक्स बढ़ाने का बिल उनके पास है, उसे पास न होने देने के लिए निवेदन करे। मैं इन दोनों मामलों पर संसदीय कार्य मंत्री जी से चाहूंगा कि वे जवाब दें। सम्पूर्ण बिहार आज हड़ताल पर है। बच्चे स्कूल नहीं गए हैं। परीक्षाएं चल रही हैं।…( व्यवधान)

MR. DEPUTY-SPEAKER: Shri Pappu Yadav, please resume your seat now.… (Interruptions)

श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव : वहां आठ करोड़ में से तीन करोड़ मुसलमान हैं।

MR. DEPUTY-SPEAKER: This is `Zero Hour’. I cannot compel the Minister to reply.… (Interruptions)

श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव : यहां संसदीय कार्य मंत्री जी बैठे हैं।

MR. DEPUTY-SPEAKER: Shri Pappu Yadav, please resume your seat now.… (Interruptions)

श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव : आपका नियमन हो जाए। चेयर से कुछ आशीर्वाद दे दें।

उपाध्यक्ष महोदय : आपने अपनी बात कह दी है। अब आप अपनी सीट पर बैठ जाएं।

SHRI SOMNATH CHATTERJEE : Mr. Deputy-Speaker, Sir I wish to raise a very extremely serious matter.… (Interruptions)

उपाध्यक्ष महोदय : पप्पू यादव जी, यहां बैठकर गवर्नमेंट को हर इश्यू पर कम्पैल नहीं किया जा सकता।

श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव : यह तीन करोड़ लोगों का मामला है।…( व्यवधान )

उपाध्यक्ष महोदय : तीन करोड़ लोगों का मामला होगा लेकिन यहां बैठकर गवर्नमेंट को कम्पैल नहीं किया जा सकता।…( व्यवधान )

श्री राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव : वहां बस की कोई व्यवस्था नहीं है, कोई विद्यार्थी स्कूल नहीं जा पाया।…( व्यवधान )मंत्री जी भले ही न जवाब दे। इससे क्या हम बिहार के सवाल पर बोलना बंद कर देंगे?किसी की कृपा से हम थोड़े ही जीतकर आते हैं? …( व्यवधान )

——————–