>
Title: Need to enhance the security cover being provided to Shri Varun Gandhi, M.P..
श्रीमती सुषमा स्वराज (विदिशा): अध्यक्ष महोदया, मैं आपके माध्यम से सदन का ध्यान एक बहुत ही गंभीर घटना की तरफ आकृष्ट करना चाहती हूं। श्री वरुण गांधी इस सदन के माननीय सदस्य और हमारी पार्टी के सबसे कम उम्र के युवा सांसद हैं। मुझे दुख के साथ कहना पड़ता है कि इस देश के एक बड़े चर्चित अंडरवर्ल्ड गिरोह ने उनकी हत्या का बीड़ा उठाया है। उन्होंने अपने इस काम को अंजाम देने के लिए दो बार कुत्सित प्रयास भी किए हैं। आज से लगभग तीन दिन पहले वे सात लोग इसी मंशा से दिल्ली में आए थे, उन्हें दिल्ली पुलिस ने पकड़ा भी है।
अध्यक्ष महोदया, मुझे आश्चर्य इस बात का हुआ कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने इतनी बात तो मानी कि वे वरुण जी के वकील की हत्या करने आए थे, लेकिन यह नहीं कहा कि वे वरूण जी की हत्या करने भी आए थे। यह सामान्य बुद्धि की बात है कि अगर कोई गिरोह किसी का खात्मा करना चाहता है तो वह वकील की हत्या करके क्या लेगा। उनके निशाने पर जो व्यक्ति है वह उसी की हत्या करने आएगा। उनके साथ-साथ वकील की हत्या करने की बात भी सोच ले, यह तो हो सकता है, लेकिन केवल वकील की हत्या करने के लिए आए हैं तो वह भी कोई कम गंभीर बात नहीं है। इससे ज्यादा दुख की बात यह है कि इस बात की जानकारी होने के बाद, कि उनकी हत्या के प्रयास किए जा रहे हैं, स्वयं श्री वरुण गांधी गृह मंत्री जी से जाकर मिले थे, लेकिन उन्हें वहां जिस तरह का व्यवहार देखने को मिला, गृह मंत्री जी से उन्हें जिस तरह का जवाब मिला, वह न तो संतोषजनक था और न ही न्यायसंगत। आप यह कह कर टाल दें कि यह सुरक्षा का काम होम सैक्रेट्री का है। वह आपके सदन के सम्मानित सदस्य हैं, अगर उनकी हत्या का प्रयास किया जा रहा है, इसकी जानकारी उन्हें मिली है तो वे होम सैक्रेट्री के पास नहीं जाएंगे, होम मिनिस्ट के पास जाकर ही अपना दुखड़ा कहेंगे। वहां से भी उन्हें कोई संतोषजनक समाधान नहीं मिला। इसीलिए मैंने आपसे अनुमति चाही कि मैं एक बार सदन में कम से कम इस बात का जिक्र कर दूं, इस पूरे सदन को साक्षी बना दूं, अगर कल को कोई ऊक-चूक हो गई तो सिवाए पछतावे के कुछ हाथ नहीं लगेगा।
अध्यक्ष महोदया, मैं आपके माध्यम से कहना चाहती हूं कि आप गृह मंत्री जी को निर्देशित करें कि वरुण जी के लिए जिस तरह की सुरक्षा चाहिए, वह सुरक्षा उन्हें उपलब्ध नहीं है। उनकी सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए और बहुत सावधानी देकर यहां बात रखी जानी चाहिए और देखा जाना चाहिए कि वरुण गांधी जी की जिन्दगी के साथ किसी तरह का खिलवाड़ कोई करने का काम न करे। आपने मुझे यह बात सदन में उठाने की अनुमति दी, इसके लिए मैं आपका बहुत-बहुत धन्यवाद करती हूं।