>
Title : Need to enquire into the incident of disappearance of a child recovered by Railway Police from the Government Child Home, Nagpur, Maharashtra.
श्री शिशुपाल पटले (भण्डारा) : उपाध्यक्ष जी, हमारे महाराष्ट्र के गांदिया जिले के गुलाबटोला ग्राम का १२ वर्ष का मासूम बच्चा माता-पिता की गैर मौजूदगी में घर से लापता हो गया। बच्चों के घर से लापता होने की शिकायत निकटवर्ती पुलिस थाना तिरोडा में दर्ज कराई गयी। मगर उन्हें पुलिस ने किसी भी प्रकार की मदद नहीं की।
बच्चे के माता-पिता को नागपुर के बच्चों के सरकारी निरीक्षण गृह के अधीक्षक का पत्र ५ अप्रैल को प्राप्त हुआ, जिसमें लिखा था कि आपका बच्चा स्वास्तिक देशमुख, उम्र १२ वर्ष नागपुर रेलवे पुलिस द्वारा पकड़ा गया है और आप अपना पहचान पत्र एवं राशन कार्ड लेकर १० अप्रैल को संस्था में पहुंचे। पत्र पाते ही बच्चे के माता-पिता तुरंत अपने बच्चे को लेने उस निरीक्षण गृह पहुंचे, जहां से उन्हें पत्र प्राप्त हुआ था। मगर वहां पहुंचते ही उस निरीक्षण गृह के अधिकारियों ने बच्चों के वहां से गायब होने की बात कही। वहां इतनी सुरक्षा व्यवस्था होते हुए भी वह बच्चा वहां से कैसे गायब हुआ? या वहां के लापरवाह अधिकारियों ने उस बच्चे को कहीं और ले जाकर रखा है? मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि केन्द्र सरकार इसमें हस्तक्षेप कर बच्चे को तलाश करने में मदद करे और निरीक्षण गृह के लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई कर बच्चे को माता-पिता को सौंपने में मदद करे।