Judgements

Need To Expedite The Setting Up Of All India Institute Of Medical … on 25 November, 2010

Lok Sabha Debates
Need To Expedite The Setting Up Of All India Institute Of Medical … on 25 November, 2010


>

Title: Need to expedite the setting up of All India Institute of Medical Sciences at Rishikesh, Uttarakhand.

 

श्री सतपाल महाराज (गढ़वाल):मैं आपके माध्यम से इस सदन का ध्यान ऋषिकेश में प्रस्तावित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। ऋषिकेश में प्रस्तावित एम्स संस्थान देहरादून से 45 किलोमीटर की दूरी पर है। इस योजना पर 820 करोड़ रूपए की राशि स्वीकृत हुई है। एम्स संस्थान के निर्माण की उत्तराखंड राज्य में स्वीकृति केन्द्र सरकार द्वारा लिया गया एक ऐतिहासिक निर्णय है, जिसके लिए मैं संपूर्ण उत्तराखंड की जनता की ओर से बधाई देता हूं। पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में चिकित्सा सुविधाओं का अभाव है, वहां के निवासियों को शीघ्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए वहां के एम्स संस्थान में ओ.पी.डी. सेवाओं का शीघ्र प्रारंभ होना आवश्यक है। इस एम्स संस्थान का शुभारम्भ 2011 में होना निश्चित हुआ है। लेकिन निर्माण कार्य की गति के मद्देनजर ऐसा प्रतीत होता है कि 2011 में उत्तराखंड के निवासी इसकी सेवाएं नहीं प्राप्त कर सकेंगे। केन्द्र सरकार ने उत्तराखंड सरकार को 10 करोड़ रूपए की धनराशि भी दी है, जिससे इसके काम में तेजी लाई जा सके, परंतु स्थिति जस की तस है। अभी हाल ही में आपदा के कारण वहां स्वास्थ्य सेवाओं की विशेष आवश्यकता थी, परंतु उपयुक्त चिकित्सा सेवाओं के अभाव के कारण कई ऐसे लोग काल का शिकार हो गए जिन्हें बचाया जा सकता था।

          महोदया, मेरा आपके माध्यम से केन्द्र सरकार से यह आग्रह है कि वह राज्य सरकार को निर्देशित करे कि उपरोक्त एम्स संस्थान का निर्माण तय समय सीमा में समयबद्ध योजना के अंतर्गत हो तथा इसकी प्रगति रिपोर्ट मासिक स्तर पर केन्द्र सरकार को सुलभ करवाई जाये, जिससे वहां की जनता को भी एक आधुनिक एवं पूर्ण उपकरणों व सुविधाओं से युक्त एम्स संस्थान मिल सके।