>
Title: Need to improve the basic amenities at the famous pilgrimage site of Gaya in Bihar.
डॉ. राजन सुशान्त (कांगड़ा): आदरणीय उपाध्यक्ष महोदय, आपका बहुत-बहुत धन्यवाद। सनातम धर्म को मानने वाले करोड़ों देशवासियों और विदेशों में रहने वाले हिन्दुओं के लिए आस्था का एक बहुत बड़ा केन्द्र बिहार के गया जिले में है। मुझे पिछले दिनों वहां जाने का मौका मिला। वहां दो तरह की तस्वीर है। एक तरफ बोधगया है, जिसे देखकर मन प्रसन्न और प्रफुल्लित होता है। इसके साथ-साथ देश-विदेश से करोड़ों हिन्दु पिंड दान, श्राद्ध करने के लिए वहां आते हैं। सबकी मान्यता है कि उनके जो पितृ चले जाते हैं, उनकी मोक्ष प्राप्ति के लिए यह सबसे बढ़िया और पवित्र धाम है।
लेकिन वहां मैं बड़ी भयंकर स्थिति देखकर आया हूं। मैं भारत सरकार से और विशेष तौर पर सदन के नेता वित्त मंत्री माननीय प्रणब मुखर्जी से प्रार्थना करना चाहता हूं कि इसकी ओर वह विशेष ध्यान दें और जो करोड़ों सनातन धर्मियों की आस्था का केन्द्र गया है, उसका पवित्र नगरी अमृतसर की तरह एक पवित्र नगरी घोषित करें। वहां की सड़कें, नालियों आदि को बेहतर बनाएं, वहां पीने के पानी की व्यवस्था, बिजली की व्यवस्था ठीक बनाएं। वहां पर स्नान के लिए जो सरोवर हैं, उनको भी ठीक बनाएं और सब तरह से अच्छी व्यवस्था हो, ताकि देश-विदेश से करोड़ों लोग वहां अपने पितरों को मोक्ष प्राप्त कराने के लिए आते हैं, उनकी आस्था को ठेस न पहुंचे और यह शहर एक बड़े आस्था और धर्म के केन्द्र के रूप में विश्वविख्यात दर्जा प्राप्त करे।