>
Title: Need to inaugurate the New FM Radio Station building in Bellary, Karnataka and enhance its existing working hours.
श्रीमती जे. शांता (बेल्लारी): महोदय, मैं कर्नाटक के बेल्लारी क्षेत्र की एक गंभीर समस्या की ओर ध्यान दिलाना चाहती हूं। यह समस्या रेडियो कार्यक्रम के प्रसारण में उत्पन्न होने वाली बाधा से संबंधित है। वैसे बेल्लारी ही देश का शायद पहला ऐसा जिला है जहां दो-दो रेडियो स्टेशन हैं। एक रेडियो स्टेशन बेल्लारी में है जबकि दूसरा एफएम रेडियो स्टेशन है, जो वहां से 60 किलोमीटर दूर हॉसपेट में है। वहां का पूरा क्षेत्र ऊंची पहाड़ियों से घिरा है जिसके कारण रेडियो तरंगें श्रोताओं तक नहीं पहुंच पाती हैं और कार्यक्रमों का प्रसारण बाधित होता है।
पिछले सात वर्षें यह रेडियो स्टेशन केवल रिले सेंटर के रूप में काम कर रहा है जहां बेंगलुरू से कार्यक्रमों का प्रसारण होता है। पहले केवल सुबह 6 बजे से 10 बजे तक ही प्रसारण होता था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर दोपहर 12 बजे तक कर दिया गया है। रेडियो स्टेशन के निर्माण तथा विस्तार का काम चल रहा है, लेकिन इसकी गति काफी धीमी है। मैंने इसके बारे में जुलाई, 2009 में सूचना तथा प्रसारण मंत्री को पत्र भी लिखा था।
मेरा सरकार से तथा मंत्री जी यही अनुरोध है कि बेल्लारी में रेडियो स्टेशन के निर्माण कार्य को शीघ्र पूरा किया जाए। साथ ही वहां जल्द से जल्द आवश्यक उपकरण लगाए जाएं। मैं यह भी अनुरोध करूंगी कि इन सुविधाओं के आने तक वहां बेंगलुरू से रिले प्रसारण को 12.00 बजे के बाद भी जारी रखा जाए।