ont>
Title: Need to open a Central School at Mashrakh, Bihar – Laid.
(महाराजगंज, बिहार) : सभापति जी, मैंने अपने गृह नगर मशरख में एक केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना के संबंध में माननीय मानव संसाधन विकास मंत्री जी को आग्रह किया था। मैंने मंत्री जी एवं केन्द्रीय विद्यालय संगठन को विस्तार से इस उपनगर में केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना का औचित्य एवं विद्यालय की स्थापना हेतु अनुकूल स्थितियों के बारे में भी लिखा था। मानव संसाधन विकास मंत्रालय के निदेशों पर केन्द्रीय विद्यालय संगठन द्वारा मुझे वर्ष ९८ में ही अवगत कराया गया कि केन्द्रीय विद्यालय के संचालन हेतु १२ कमरों का प्रबंध तथा पचास प्रतिशत कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधा की व्यवस्था की स्थिति में विद्यालय का संचालन संभव है। मैंने अपने प्रयासों से केन्द्रीय विद्यालय संगठन की आवश्यकता के अनुरूप विद्यालय भवन के संचालन हेतु समुचित भवन एवं पचास प्रतिशत कर्मचारियों के लिए आवास की व्यवस्था कर इसकी सूचना भी मार्च, ९९ में ही मंत्री जी को दी तथा विद्यालय के अविलम्ब संचालन की स्वीकृति का आग्रह दोहराया। केन्द्रीय विद्यालय संगठन के संयुक्त सचिव मशरख गए। वहां की भौगोलिक स्थिति एवं अन्य सुविधाओं को देखकर मशरख में केन्द्रीय विद्यालय खोलने पर सहमति ही नहीं दी वरन अप्रैल, २००२ से विद्यालय में नामांकरन का भी आश्वासन दिया था। परन्तु, चार सालों के मेरे निरन्तर प्रयास के पश्चात भी केन्द्रीय विद्यालय संगठन द्वारा अभी तक केन्द्रीय विद्यालय नहीं खोला गया है।
अत: मैं केन्द्र सरकार से अनुरोध करता हूं कि मशरख में शीघ्र केन्द्रीय विद्यालय का संचालन प्रारंभ हो।