>
Title: Need to open a Computerised Railway Reservation Counter in Orchha, Madhya Pradesh.
श्री वीरेन्द्र कुमार (टीकमगढ़):टीकमगढ़ संसदीय क्षेत्र के ओरछा धार्मिक एवं ऐतिहासिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली नगरी है। यह झांसी से 16 कि.मी. दूर झांसी-टीकमगढ़ मार्ग पर बेतवा नदी के किनारे भगवान रामराजा के मंदिर एवं ओरछा राज्य के पूर्व राजाओं द्वारा निर्मित नदी के किनारे बनी हुई छतरियों के कारण प्रसिद्धि रखती है, जहां देशी एवं विदेशी पर्यटक बहुत बड़ी संख्या में आते हैं। यहां से विदेशी पर्यटक चित्रकूट, इलाहाबाद एवं वाराणसी जाते हैं। किंतु, ओरछा में रेलवे द्वारा आरक्षण का कोई केन्द्र प्रारंभ नहीं किया गया है जबकि निजी क्षेत्र के लगभग ई टिकटिंग के केन्द्र चल रहे हैं, जहां विदेशी पर्यटकों से अनावश्यक ज्यादा राशि वसूल की जाती है, जिससे विदेशी सैलानियों में रेलवे के प्रति अविश्वास का भाव पैदा होता है तथा देश के प्रति भी अच्छा भाव लेकर नहीं जाते हैं।
अतः केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि राष्ट्रीय छवि को “अतुल्य भारत ” की तर्ज पर विदेशी पर्यटकों में बढ़ाने के लिए ओरछा में शीघ्र ही रेलवे विभाग द्वारा कम्प्यूटर आरक्षण प्रणाली शीघ्र ही आरंभ करवाने का सहयोग करें।