>
Title: Need to open a Kendriya Vidyalaya in Supaul Parliamentary Constituency, Bihar.
श्री विश्व मोहन कुमार (सुपौल): माननीया अध्यक्षा जी के माध्यम से माननीय मानव संसाधन मंत्री जी का ध्यान अपने संसदीय क्षेत्र सुपौल के जन मानस की चिर-परिचित मांग केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना की ओर ध्यान आकृष्ट करते हुए आग्रह करना चाहता हूं कि नेपाल सीमा से लगे मेरे संसदीय क्षेत्र सुपौल के अंतर्गत सुपौल एवं मधेपुरा जिला आता है। यहां बेहतर शिक्षा हेतु केन्द्र प्रायोजित एक भी विद्यालय नहीं है, जिसके कारण मेधावी एवं ग्रामीण अंचल के गरीब, असहाय, छात्रों को शिक्षा से वंचित रहना पड़ता है। मेरे संसदीय क्षेत्र में केन्द्र सरकार के कई प्रतिष्ठान, गृह मंत्रालय, विदेश मंत्रालय के कार्यालय भी हैं, जिसमें कार्यरत कर्मचारियों के सैंकड़ों बच्चे प्रतिवर्ष बेहतर शिक्षा से वंचित रह जाते हैं। जबकि ऐसी जगहों पर बहुत पहले से ही केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना की जानी चाहिए थी।
अतः माननीय मंत्री जी से आग्रह है कि सुपौल में शीघ्र केन्द्रीय विद्यालय की स्थापना हेतु पहल करें, जिससे कि उत्तम शिक्षा लोगों को मिल सके एवं मैं भी अपने अधिकार का उपयोग कर क्षेत्र के दो बच्चों का नामांकन विद्यालय में कराकर उत्तम शिक्षा दिला सकूं।