Title: Need to provide financial assistance to Government of Madhya Pradesh for drought relief in the State-Laid.
(मंदसौर):अध्यक्ष महोदय, इस वर्ष जहां वभिन्न प्रदेशों में औसत से भी कम वर्षा हुयी है, वहीं मध्य प्रदेश जो पिछले तीन वर्षो से वर्षा की कमी के कारण सूखे की चपेट में है। उसके कई जिलों में इस वर्ष भी औसत से बहुत कम वर्षा हुयी है और स्थिति यह बनी है कि उन जिलों में अभी से जल संकट व्याप्त हो गया है। विगत वर्षो में वर्षा की कमी के कारण मध्य प्रदेश के रतलाम, मंदसौर और नीमच जिलों में जहां पानी का स्तर जमीन के नीचे ५००-६०० फीट तक चला गया है, वहीं वर्तमान में इस स्तर में तेजी से गिरावट आने के कारण आशंका है कि इस वर्ष ये स्तर एक हजार फीट से नीचे चला जायेगा। केन्द्र सरकार द्वारा जो भी धनराशि इस हेतु प्रदेश सरकार को उपलब्ध करायी गयी, उसका भी समुचित उपयोग प्रदेश सरकार द्वारा नहीं किया गया। जल संकट से प्रभावित रतलाम, मंदसौर व नीमच जिलों में जहां पिछले वर्ष भयंकर सूखे की स्थिति से ऐसा प्रतीत होता है कि इस वर्ष भी ये जिले पुन: सूखे से प्रभावित रहेंगे।
अत: मेरा केन्द्र सरकार से अनुरोध है कि उपरोक्त जिलों में जल संकट एवं सूखे की स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्यवाही करते हुए राज्य सरकार को निर्देशित करें कि वह उपरोक्त प्रभावित क्षेत्रों में आसन्न संकट को देखते हुए युद्ध स्तर पर कार्यवाही करें तथा उसके लिए राज्य को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करायें।