>
Title: Need to review the decision of Divisional Railway Manager, Dhandbad and re-open the various closed railway crossings and VIP parking at Dhandbad in Jharkhand.
श्री रवीन्द्र कुमार पाण्डेय (गिरिडीह): पूर्व मध्य रेल के फुसरो रेलवे क्रासिंग, चन्द्रपुरा स्टेशन का मानव रहित समपार, नेशनल अंगार पथरा कतरासगढ़ का रेल समपार और धनबाद रेलवे स्टेशन का वी.आई.पी. पार्किंग स्थान मंडल रेल प्रबंधक धनबाद द्वारा बंद कर दिया गया है, जिसके कारण आमजन काफी परेशान हैं। इस संबंध में संबंधित क्षेत्र के लोगों द्वारा बंद और हड़ताल का आयोजन किया गया। रेलवे के अधिकारियों ने पुनः सेवाएं बहाल करने हेतु आश्वस्त किया था लेकिन आज तक इस संबंध में सार्थक परिणाम नहीं आए हैं। इस व्यवहार से जनाक्रोश बढ़ रहा है। इस संबंध में हमने अध्यक्ष रेलवे बोर्ड और अन्य संबंधित अधिकारियों से साक्षात्कार कर मामले पर विस्तृत चर्चा की है और समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों की प्रति के साथ अपने पत्र के माध्यम से उक्त बंद सेवाओं को पुनः बहाल करने का आग्रह किया है। अभी तक उक्त अधिकारियों के द्वारा की गई कार्रवाई का सार्थक परिणाम नहीं मिला है। आंदोलन एवं हड़ताल से रेल राजस्व की क्षति होती है और जन सुविधाएं बाधित होती हैं।
अतः सरकार से आग्रह है कि उपरोक्त बंद सुविधाओं को जनहित में पुनः चालू कराने हेतु शीघ्र आवश्यक निर्देश सक्षम अधिकारी को जारी करने की कृपा की जाये।