Title: Need to take steps for cleaning Anna Sagar Lake in Ajmer and Pushkar Sarovar in Pushkar, Rajasthan.
प्रो. रासा सिंह रावत (अजमेर):महोदय, सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक नगर अजमेर एवं ख्याति प्राप्त तीर्थस्थल पुष्कर धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन तथा पुरातत्व की द्ृष्टि से महत्वपूर्ण नगर है । राजस्थान आने वाले विदेशी एवं देशी पर्यटक इन दोनों स्थानों पर अवश्य जाते हैं दुर्भाग्य से अजमेर की ऐतिहासिक झील “आना सागर ” जिसके किनारे शाहजहां ने बारादरी का निर्माण किया था तथा पुष्कर का पवित्र सरोवर “पुष्कर सरोवर ” जहां लाखों लोग स्नान कर पुण्य के भागी बनते हैं, इन दोनों का पानी अत्यधिक प्रदूषित एवं कीटाणुयुक्त है वर्षा की निरंतर कमी से पानी की आवक नहीं होती है वर्षा होने पर भी पानी बह कर आने के रास्ते अवरूद्ध होने के कारण नया जल संचयन नहीं हो पाता परिणामस्वरूप आना सागर तथा पुष्कर सरोवर में अत्यधिक मिट्टी जमा होने, गाद नहीं निकालने, आसपास की गंदगी यहीं एकत्रित होने से इनका पानी स्नान योग्य नहीं रह गया है तीर्थ यात्रियों को बहुत असुविधा होती है ।
अत: भारत सरकार के पर्यावरण एवं वन विभाग तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग से अनुरोध है कि इन दोनों ही महत्वपूर्ण झीलों – अजमेर की आना सागर तथा पुष्कर स्थित पवित्र सरोवर के प्रदूषण को अविलंब दूर करवाने, बहकर इकट्ठा हुई वर्षों की मिट्टी रेत, गाद को झील तल से निकलवाकर तथा पानी आने के रास्तों की सफाई करवाकर ताजा-स्वास्थ्यप्रद जल उपलब्ध करवाने की समुचित व्यवस्था करवायें ।