Need to take steps to protect the interests of investors in Kuber Group of industries throughout the country .
(बहराइच) : महोदय, मैं सरकार का ध्यान कुबेरग्रुप समूह के छोटे-बड़े लाखों निवेशकों की ओर दिलाना चाहता हूं जिनकी गाढ़ी कमाई उपर्युक्त समूह की भिन्न-भिन्न योजनाओं में जमा है। ग्रुप की शाखाएं भारत के लगभग सभी बड़े शहरों में थीं। पिछले लगभग एक वर्ष से भी अधिक समय से समूह किसी भी निवेशक का भुगतान नहीं कर रहा है। कहा जाता है कि समूह की सम्पत्ति पर्याप्त है जिससे निवेशकों का भुगतान किया जा सकता है। मुझसे कई जनपदों के निवेशकों ने व्यक्तिगत रूप से मिलकर अपनी दु:खद कहानी सुनाई है। कई व्यक्ति सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी हैं जो अपनी सारे जीवन की कमाई इस ग्रुप में केवल तनिक अधिक ब्याज के लालच में लगा चुके हैं और अब प्रति माह उन्हें न ब्याज मिलता है, न उनका मूलधन, क्योंकि ग्रुप के सभी कार्यालय बन्द हो चुके हैं और उनका कोई अस्तित्व नहीं है।
मेरा सरकार से आग्रह है कि इस संबंध में उचित कदम उठाकर समस्त कुबेर ग्रुप के लाखों निवेशकों का धन यथाशीघ्र दिलाने की ओर त्वरित कार्रवाई करने का कष्ट करें जिससे निवेशक राहत की साँस ले सकें।