an>
Title: Problems being faced by the LIC agents in the Country.
श्री जसवंत सिंह बिश्नोई (जोधपुर) :सभापति महोदय, मैं आपके माध्यम से भारत सरकार के वित्त मंत्री जी का ध्यान इस तरफ आकर्षित करना चाहूंगा कि १६ तारीख को जीवन बीमा निगम के एजेंट्स ने देश भर में धरना दिया, प्रदर्शन किया। उनकी मांग यह है कि जीवन बीमा विभाग में जो एजेन्ट्स हैं, उनकी तीन-चार मोटी-मोटी मांगें हैं, वहां एक व्यक्ति १०ा-१५ वर्ष काम करता है।[rep71]
महोदय, जीवन बीमा निगम के एजेंट बढि़या काम करते हैं, लेकिन छोटी-मोटी कंपलेंट पर उनकी एजेंसी समाप्त कर दी जाती है और उनकी कोई सुनवाई नहीं होती है। जीवन बीमा निगम के एजेंटों को न कोई पेंशन मिलती है, न ग्रेच्युटी मिलती है, न कोई मैडीकल क्लेम की सुविधा है जबकि वे निगम के काम को आगे बढ़ाने में सदैव तत्पर रहते हैं। उन्हें किसी भी प्रकार की कोई सुविधा नहीं दी जाती है।
महोदय, कुछ दिन पूर्व जो धरना उन्होंने दिया वह इसी बात को लेकर था। उनमें रोष था कि जीवन बीमा निगम ने अपने स्वर्ण जयन्ती कार्यक्रम के नाम पर ८०० किलो सोना अधिकारियों में बांट दिया, लेकिन एजेंटों को एक ग्राम सोना भी नहीं दिया गया और न ही अन्य प्रकार का कोई लाभ दिया गया। दूसरी ओर निगम के एक पूर्व चेयरमैन की बच्ची के कार्यक्रम में मौरीशस में आठ करोड़ रुपए खर्च कर दिए, लेकिन देशभर में फैले १० लाख एजेंटों को जीवन बीमा निगम ने आज तक कोई सुविधा प्रदान नहीं की है। इसलिए मैं आपके माध्यम से खासतौर से वित्त मंत्री जी से निवेदन करना चाहता हूं कि जीवन बीमा निगम के जो एजेंट निगम का काम बढ़ाने में लगे हुए हैं, जो जीवन बीमा निगम की रीढ़ के समान हैं, उन्हें सभी प्रकार की सुविधा प्रदान करें। धन्यवाद।
20.51 hrs. (Shri Varkala Radhakrishnan in the Chair)