>
Title: Regarding alleged irregularties in the implementation of Rajiv Gandhi Rural Electrification Scheme.
श्री भानु प्रताप सिंह वर्मा (जालौन) : माननीय सभापति महोदय, मैं आपके माध्यम से केन्द्र सरकार के ध्यान में एक महत्वपूर्ण विषय लाना चाहता हूँ। केन्द्र सरकार द्वारा राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना चलाई जा रही है। उसके अंतर्गत हमारे उत्तर प्रदेश में गाँवों का जो विद्युतीकरण किया जा रहा है, उसमें जो बिजली के पोल लगाए जा रहे हैं, वे इतनी घटिया किस्म के लगाए गए हैं कि ज़रा सी तेज़ हवा आती है तो वे खम्भे टूट जाते हैं। साथ ही साथ उसमें जो तार लगाए गए हैं, उनकी मोटाई भी कम है और वे कम क्षमता के लगाए गए हैं। माननीय सभापति जी, मैंने माननीय वित्त मंत्री जी को और माननीय प्रधान मंत्री जी को 5 मई, 2007 को एक पत्र लिखा था। वह पत्र 21 मई को ऊर्जा मंत्री को प्राप्त हो चुका है लेकिन आज तक उसकी कोई जाँच नहीं की गई। मेरी केन्द्र सरकार से माँग है कि जो घटिया किस्म का काम वहाँ किया गया है, उसकी जाँच की जानी चाहिए और जिन अधिकारियों ने इस तरीके से मिलीभगत करके घोटाला किया है, उन अधिकारियों को दंडित किया जाना चाहिए, यह हमारी केन्द्र सरकार से माँग है।