>
Title: Regarding non-inclusion of people under BPL due to alleged faulty criteria adopted by the Government.
श्री हरिभाऊ राठौड़ (यवतमाल): माननीय उपाध्यक्ष महोदय, मैं अत्यन्त महत्वपूर्ण मुद्दा, जो गरीबों के हित में, उसे आपके माध्यम से सदन में उठाना चाहता हूं। देश में गरीबों के लिए बहुत सारी योजनाएं बनाई जाती हैं। विशेषरूप से जो बिलो पॉवर्टी लाइन के नीचे रहने वाले लोग हैं, उनके लिए ये योजनाएं बनाई जाती हैं, लेकिन इन योजनाओं का फायदा गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को नहीं मिल रहा है। देश में ऐसे करोड़ों लोग हैं, जो आज भी इस दायरे में नहीं आ रहे हैं। इस संबंध में हमारी सरकार की नीति गलत है।
*Not recorded.
महोदय, परसों मैंने सुना, माननीय मंत्री जी, यहां भाषण में बोल रहे थे कि प्लानिंग कमीशन यह डिसाइड करता है किस स्टेट में कितने बी.पी.एल. धारक होने चाहिए।
उपाध्यक्ष महोदय : आप क्या चाहते हैं, वह बताइए ?
श्री हरिभाऊ राठौड़ : उपाध्यक्ष महोदय, मैं बताना चाहता हूं कि इस समय केन्द्र सरकार की जो नीति है. वह ठीक नहीं है। वर्तमान नीति के अनुसार उसने बोल दिया कि महाराष्ट्र में 4 लाख बी.पी.एल. की संख्या से ऊपर आप मत जाइए, पंजाब में बोल दिया 3 लाख, उत्तर प्रदेश में बोल दिया कि साढ़े तीन लाख की संख्या से ऊपर बी.पी.एल. नहीं होने दीजिए। इस प्रकार अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग राज्यों के लिए अलग-अलग संख्या निर्धारित कर दी जाती है। गरीबी की रेखा के नीचे कौन लोग आएंगे, इसकी डैफीनिशन जब तय हो चुकी है, तो उसमें जो भी गरीब आता है, वह बी.पी.एल. डिक्लेयर होना चाहिए।
उपाध्यक्ष महोदय : धन्यवाद। बैठिए।
श्री हरिभाऊ राठौड़ : महोदय, दूसरी बात यह है कि बी.पी.एल. कौन है, इसे डिसाइड करने के लिए सर्वे होता है। उस सर्वे में ऐसे बहुत सारे गरीब छूट जाते हैं जो गरीबी की रेखा के नीचे जीवन बसर कर रहे होते हैं और उन्हें वह बी.पी.एल. नहीं माना जाता है जबकि बहुत से ऐसे लोग जो गरीब नहीं हैं, उनके नाम सर्वे में आ जाते हैं। जब हम लोग अपने क्षेत्र में जाते हैं और गरीबों से पूछते हैं कि क्या आपके पास बी.पी.एल. का कार्ड है, तो वे कहते हैं कि हमारे पास कुछ नहीं है। मेरी सरकार से रिक्वैस्ट है कि जैसे सरकार राशन कार्ड देती है, वैसे ही बी.पी.एल. कार्ड देने का एक प्रॉसीजर बना दीजिए जिसके अन्तर्गत बी.पी.एल. खुद आ कर सरकार से कहे कि मैं गरीबी रेखा से नीचे जीवन-यापन कर रहा हूं, इसलिए मुझे कार्ड दीजिए। सरकार को मेरे इस सुझाव पर गौर करना चाहिए और डिसाइड करना चाहिए। जो अभी तक हो रहा है वह गलत हो रहा है। इसके लिए एक प्रॉसीजर डिसाइड करना चाहिए और बी.पी.एल. कार्ड देने के मामले में सुधार लाना चाहिए। [r90]