an>
Title: Regarding receding water level and drying up of wells in the country.
श्री हंसराज जी. अहीर (चन्द्रपुर) :मान्यवर, केन्द्रीय जल संसाधन मंत्रालय द्वारा भुगर्भ के जल स्तर की निरंतर हो रही कमी का संज्ञान लेकर राज्यों को इस पर नियंत्रण रखने के निर्देश दिये गये। लेकिन राज्य सरकारें इस विषय पर असाधारण रूप से उपेक्षा करने से भुगर्भ के जल स्त्रोत की कमी भविष्य में चिंता तथा चिंतन का विषय होगा। मेरे निर्वाचन क्षेत्र में स्थित अंबुजा सीमेंट के भारी संयंत्र द्वारा भारी मात्रा में जलदोहन के कारण इसके परिसर में भुगर्भ जल स्तर की बारी कमी हो गयी है। इस संयंत्र द्वारा २०० से २५० मीटर गहरे टयूबवेल लगाकर जलदोहन करने से आस पास के गांवों के कुएं, तालाब, नाले, टयूबवेल सूख गये हैं, या उनके जल-स्तर अधिक गहराई में चले गये हैं। जिला प्रशासन से किसी प्रकार की स्वीकृति लिये बिना अंबुजा सीमेंट संयंत्र द्वारा भारी मात्रा में जलदोहन करने से इससे जुड़े ग्रामीण क्षेत्रों में जलसंकट निर्माण हुआ है। प्रशासन की अनभिज्ञता और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों पर छाया जलसंकट देखते हुए अंबुजा सीमेंट संयंत्र पर भारी मात्रा में जलदोहन करने की जांच कर भुगर्भ के जलस्तर में कमी लाने के दोषी समझकर उनपर कारवाई करनी चाहिए। आस-पास के गांवों में जलस्तर की जो गिरावट आई है, उससे जिनके कुएं, टयूबवैल सूख गये हैं, ऐसे आपदाग्रस्त किसानों, लोगों को अंबुजा सीमेंट की तरफ से मुआवजा भी दिलाया जाना चाहिए। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए सरकार द्वारा इसे प्राथमिकता देकर आवश्यक कार्रवाई करने का मैं आपके माध्यम से अनुरोध करता हूं, तथा राज्य सरकार को भी इस मामले में पूछा जाए।