Title: Spread of Encephalitis disease in Eastern Uttar Pradesh, Bihar and other parts of the country resulting in deaths.
योगी आदित्यनाथ (गोरखपुर) : अध्यक्ष महोदय, मैं आपके माध्यम से स्वास्थ्य एवम् परिवार कल्याण मंत्री जी का ध्यान उत्तर प्रदेश तथा देश के वभिन्न भागों में प्रति वर्ष मस्तिष्क ज्वर से हो रही मौतों की ओर आकर्षित करना चाहता हूं। मस्तिष्क ज्वर पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा और आंध्रा प्रदेश में पिछले २५ वर्षों से भारी संख्या में अपना कहर बरपाता जा रहा है। प्रति वर्ष हजारों की संख्या में इसकी वजह से मौतें हो रही हैं। लेकिन इस बीमारी की रोकथाम के लिए केन्द्र सरकार की ओर से कोई पहल नहीं की गई है।
महोदय, अकेले बी.आर.डी. मेडिकल कालेज, गोरखपुर में १९७८ से लेकर २००३ तक चार हजार से अधिक मौतें मस्तिष्क ज्वर से हो चुकी हैं। इस वर्ष बी.आर.डी. मेडिकल कालेज में २१२ मौतें होने की बात दर्ज हुई है। पहली बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी मात्र ५६ दिनों में ही १२०० मौतें हुई हैं।
मस्तिष्क ज्वर की बीमारी अक्सर बरसात के बाद होती है। छ: महीने से लेकर १८ साल तक के बच्चे अक्सर इसकी चपेट में आते हैं। जो भी बच्चा इसकी चपेट में आता है, वह या तो विकलांग हो जाता है या समय से उपचार न मिलने की वजह से मर जाता है। मैंने पिछली बार भी भारत सरकार से अनुरोध किया था कि इस बीमारी की रोकथाम के लिए जिस तरह पल्स पोलियो की वैक्सीन देने का व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है, उसी तर्ज पर इसके लिए भी व्यवस्था होनी चाहिए। अगर हम एक विशेष क्षेत्र को लेंगे तो इसका उपचार नहीं हो पाएगा। पूरे देश में इस बीमारी से प्रभावित क्षेत्रों को चिन्हित किया जाना चाहिए और केन्द्र सरकार इसे एक मिशन के रूप में लेकर इसके लिए वैक्सीन की व्यवस्था करे।
मैं पुन: केन्द्र सरकार के स्वास्थ्य एवम् परिवार कल्याण मंत्री जी से अनुरोध करूंगा कि इसे राज्य सरकारों पर नहीं छोड़ कर, भारत सरकार इसे गम्भीरता से ले। इस बीमारी की वजह से प्रति वर्ष जो सैकड़ों की संख्या में मौतें होती हैं, उसकी रोकथाम करने के लिए उपाय किए जाएं। स्थानीय स्तर पर जो क्षेत्र इस बीमारी की चपेट में आते हैं, वहां इसकी रोकथाम करने के लिए टैस्ट लैब की व्यवस्था की जाए, जहां इस सम्बन्ध में जांच की जा सके। इस बीमारी की चपेट में जो छ: महीने से लेकर १८ साल तक के बच्चे आते हैं, उनका उपचार करने के लिए उन सभी स्थानों पर व्यापक स्तर पर वैक्सीन की व्यवस्था भारत सरकार करे।
MR. SPEAKER: You have raised a very important issue.