Title: Need for early construction of a tunnel beneath Rohtang Darra in Himachal Pradesh. – Laid
श्री महेश्वर सिंह (मंडी) : महोदय, यह बात सर्ववदित है कि हिमाचल प्रदेश का जनजातीय क्षेत्र लाहौल-स्पीति अत्यधिक हिमपात के फलस्वरूप साल में लगभग नौ महीने के लिए रोहतांग दर्रे पर हिमपात के कारण देश के बाकी भागों से कट जाता है। इस सीमावर्ती क्षेत्र को देश के अन्य भागों से जोड़ने हेतु रोहतांग दर्रे के नीचे टनल बनाने का सर्वेक्षण वषर्ों पहले हो चुका है। देश की रक्षा एवं सामरिक दृष्िट से इस टनल का बनना इसलिए नितान्त आवश्यक है कयोंकि कारगिल क्षेत्र के लिए सारी की सारी आर्मी सप्लाई वर्तमान में भी रोहतांग दर्रे से होकर जाती है। टनल बनने के उपरान्त एक तो रास्ता अधिक समय तक खुला रहेगा दूसरे रास्ते की दूरी भी लगभग ४० किसोमीटर कम हो जाएगी। दर्रे में हिमखंडों के टूटने से जो सड़क मढ़ी से लेकर खोकसर नामक स्थान तक हर वर्ष क्षतिग्रस्त होती है और लाखों रुपये इस सड़क की मरम्मत पर खर्च होते हैं, वे भी बच जाएंगे।इस टनल के महत्व को देखते हुए प्रधानमंत्री ने हिमाचल में जनसभा को संबोधित करते हुए यह कहा था कि यह टनल आज तक बन जानी चाहिए थी और एक नागरिक के नाते वे इसकी आवश्यकता को समझते हैं। अत: मेरा प्रधानमंत्री महोदय से आग्रह है कि वे इस टनल के निर्माण हेतु राष्ट्र हित में अविलम्ब स्वीकृति प्रदान कर अनुग्ृाहित करें।