Judgements

Need To Allocate Fund To Complete The Lalipur-Singarauli Railway … on 6 August, 2010

Lok Sabha Debates
Need To Allocate Fund To Complete The Lalipur-Singarauli Railway … on 6 August, 2010


>

Title: Need to allocate fund to complete the Lalipur-Singarauli Railway link in Bundelkhand region.

श्री वीरेन्द्र कुमार (टीकमगढ़): सभापति महोदय, मैं संसदीय क्षेत्र टीकमगढ़ से आता हूं। मध्य प्रदेश का टीकमगढ़. छत्तरपुर और पन्ना जिले वे स्थान हैं, जो आजादी के62 वर्षों के बाद भी आज तक रेल लाइनों की सुविधाओं से वंचित है। वहां के लोगों ने रेल नहीं देखी है। इस कारण वहां का सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक विकास पूरी तरह से अवरुद्ध है। वहां कोई भी उद्योग धंधे इस कारण भी स्थापित नहीं हो पा रहे हैं, क्योंकि वहां पर रॉ मैटीरियल नहीं पहुंच पाता है और माल निर्माण होने के बाद विक्रय करने के लिए रेल लाइन से वे बाहर भी नहीं भेज सकते हैं। इस क्षेत्र के विकास के लिए ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन बनायी गयी है और उस पर काफी कुछ काम भी हो गया है, लेकिन उसमें इतनी कम राशि आवंटित की जा रही है कि वह काम कछुए की गति से चल रहा है। अगर ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन को शीघ्रता से पूर्ण कराया जायेगा, तो मेरे संसदीय क्षेत्र का टीकमगढ़, छत्तरपुर और उसके साथ-साथ पन्ना जिले का मजदूर रोजगार के अभाव में वहां से निकलकर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब की ओर आना पड़ता है, अगर वहां रेलवे लाइन डाल दी जायेगी, तो वहां उद्योग धंधे स्थापित हो जायेंगे, शिक्षा के अवसरों का प्रसार होगा, सामाजिक विकास होगा। यहां तक कि टीकमगढ़ में मिट्टी भी डल गयी है और वहां रेलवे स्टेशन भी बन गया है। टीकमगढ़ की जनता रेलवे स्टेशन को जाती है। वह बड़ी आशा भरी नजरों से रेलवे लाइन की ओर निहारती है कि कब हमारे शहर में रेल आयेगी।

          महोदय, मैं आपके माध्यम से अनुरोध करना चाहता हूं कि ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन के लिए केन्द्र सरकार द्वारा विशेष राशि आवंटित की जाये। केन्द्र सरकार बुन्देलखंड पैकेज की बात बार-बार करती है, लेकिन वे सारी योजनाएं जो पहले से चल रही हैं, उन योजनाओं के विकास के नाम पर बुन्देलखंड के विकास की बात की जा रही है। मैं केन्द्र सरकार से अऩुरोध करना चाहता हूं कि आप सही मायने में बुन्देलखंड का विकास करना चाहते हैं, तो बुन्देलखंड के विकास के लिए ललितपुर-सिंगरौली रेलवे लाइन जीवन रेखा का काम करेगी। इस रेलवे लाइन के लिए विशेष रूप से राशि आवंटित करके शीघ्र ही इस योजना को पूर्ण कराया जायेगा, तो बुन्देलखंड का विकास तीव्र गति से होगा। बहुत-बहुत धन्यवाद।

सभापति महोदय : सभा की कार्यवाही 9अगस्त, 2010, सोमवार को 11 बजे पूर्वाह्न तक स्थगित की जाती है।

18.44 hrs.

 

The Lok Sabha then adjourned till Eleven of the Clock

on Monday  August 9 , 2010/18 Sravana, 1932 (Saka)