>
Title: Need to link ladakh with rest of India by constructing an all weather road under PM’s reconstrucation plan for Jammu and Kashmir.
श्री छेवांग थुपस्तन (लद्दाख) : माननीय सभापति महोदय, मैं आपके माध्यम से भारत सरकार का ध्यान एक बहुत आवश्यक योजना की तरफ दिलाना चाहता हूँ। हमारे देश का जो सबसे सैन्सिटिव बॉर्डर लद्दाख का है, उसको देश के अन्य क्षेत्रों से जोड़ने की जो योजना है – गेमो, पादुम और दाचा रोड के संबंध में मैं सरकार का ध्यान आकर्षित करना चाहूँगा। मान्यवर, यह जो सड़क बनाने का काम है, वह प्रधान मंत्री द्वारा राज्य जम्मू-कश्मीर के लिए रीकंस्ट्रक्शन प्रोग्राम के तहत हाथ में लिया गया है। मुझे बहुत अफसोस है कि पिछले दो-तीन सालों के दौरान इस पर बहुत सुस्त रफ्तार से काम हो रहा है। इस रोड को बनाने का टार्गैट 2012 तक का है। यदि इसी रफ्तार से काम होता रहा तो शायद इसको बनने में 15-20 साल लग जाएँगे। मेरा भारत सरकार से अऩुरोध है कि बॉर्डर रोड्ज़ आर्गनाइज़ेशन को जल्दी से बनाने के लिए हर साल ज्यादा से ज्यादा राशि दी जाए। [h83]
वहां मैनपावर की कमी की वजह से रोड बनाने की रफ्तार में कमी एवं सुस्ती आई है, इसलिए मैनपावर और लेबर को ज्यादा से ज्यादा संख्या में लगाने के लिए वहां मशीनरी वगैरह का भी प्रावधान किया जाए। सन् 2012 तक इस रोड के बनाने का टारगेट है, क्योंकि इसके जरिए लद्दाख को देश के अन्य क्षेत्रों से 12 महीने खुला रखने के लिए यह प्रावधान किया है। यह न सिर्फ लद्दाख की आर्थिक उन्नति के लिए जरूरी है, बल्कि देश की नेशनल सिक्योरिटी के इंटरस्ट में है, क्योंकि डिफेंस पर लद्दाख में इतना खर्चा करना पड़ रहा है। इसलिए इस रोड के बन जाने से न सिर्फ वहां के लोगों को इससे फायदा होगा, बल्कि डिफेंस फोर्सेस को भी फायदा होगा।
सभापति महोदय, मैं आपके माध्यम से यह अनुरोध करना चाहता हूं कि इस रोड के लिए ज्यादा राशि दी जाए और इसे जल्दी बनाने में बढ़ावा दिया जाए। धन्यवाद।