>
Title: Need to start developmental works in Patna & Bodhgaya under Jawahar Lal Nehru National Urban Renewal Mission.
श्री राम कृपाल यादव (पटना): अध्यक्ष महोदय, जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकृत मिशन, जेएनएनयूआरएम के अंतर्गत शामिल पटना और बोधगया के विकास के लिए अभी तक कोई कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। वैसे ही बिहार पिछड़ा प्रदेश है ओर पटना शहर की समस्याएं तो विकराल रूप लेती जा रही हे। शहर की आबादी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। आबादी के अनुसार किसी भी तरह का विकास कार्य पटना में नगण्य है। पहले से ही सीवर, पेयजल, रोड, नाली, बिजली, कूडा-कचरे की समस्या है, उसके लिए किसी भी तरह का कोई कार्यक्रम सरकार के पास नहीं है। जेएनएनयूआरएम के तहत चयन होने पर पटना के वासियों को कुछ आशा की किरण दिखाई देने लगी थी कि यह केन्द्र सरकार की योजना है और इससे उनकी समस्याओं का शायद निदान हो जायेगा। वह भी अब अधर में लटकती जा रही है।
अतः मैं इस सदन के माध्यम से माननीय शहरी विकास मंत्री का ध्यान इस ओर आकृष्ट करना चाहता हूं और निवेदन करता हूं कि पटना और बोधगया के लिए विशेष ध्यान देकर वहां आ रही बाधाओं को दूर करें और जेएनएनयूआरएम के तहत अविलम्ब विकास कार्य प्रारंभ करने के लिए समुचित व्यवस्था करने की कृपा करें।