Title: Need for continuance of scheme of food for work and the Sampurna Gramin Rojgar Yojna in Maharashtra – Laid.
(परभनी) :महोदय, केन्द्र सरकार ने हाल ही में सम्पूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना आरम्भ की है। महाराष्ट्र में पिछले ३० सालों से रोजगार गारंटी योजना लागू है। इस योजना के तहत महाराष्ट्र सरकार ग्रामीण गरीबों को रोजगार मुहैय्या करवा रही है। इसी योजना के तहत काम के बदले गरीबों को अनाज मुहैय्या कराने हेतु सरकार ने योजना बनाई परन्तु महाराष्ट्र सरकार को सूचित किया गया है कि सम्पूर्ण रोजगार योजना के लागू होने के बाद अब रोजगार गारंटी योजना के तहत काम के बदले अनाज हेतु दिया जाने वाला अनाज नहीं दिया जाएगा। राज्य सरकार का मानना है कि काम के बदले अनाज योजना बहुत अच्छी थी। इससे गरीबों को अनाज मिल रहा था तथा प्रतदिन दो-तीन लाख लोगों को काम मिल रहा था।
अत: इस सदन के माध्यम से मैं सरकार से अपील करता हूं कि वह तुरन्त हस्तक्षेप करे तथा संपूर्ण रोजगार योजना के तहत भी काम के बदले अनाज दिए जाने की स्कीम को जारी रखे ताकि गरीबों को काम के बदले अनाज मिलता रहे तथा काम के बदले अनाज योजना को संपूर्ण ग्रामीण रोजगार योजना की उपयोजना के तौर पर स्वीकृत किया जा सके।